बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पशुपालन देश और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ग्रामीण आजीविका मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से कृषि, पशु चिकित्सा और पशुपालन के क्षेत्र में शोध कार्यों से जुड़कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
राज्यपाल शुक्रवार को बीकानेर स्थित राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास) के नवम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। देश के कुल दुग्ध उत्पादन में राजस्थान की हिस्सेदारी लगभग 14.51 प्रतिशत है और प्रदेश उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कृषि और पशुपालन को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान
बागडे ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने नशे के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने और जागरूक नागरिकों से नई पीढ़ी को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विवेक, नैतिकता और ईमानदारी का विकास करना भी है।
623 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां
समारोह में कुल 623 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 462 स्नातक, 141 स्नातकोत्तर और 20 विद्या-वाचस्पति की उपाधियां शामिल हैं। वहीं, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 36 स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल 42 पदक प्रदान किए गए।इस दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में 2.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया। साथ ही विश्वविद्यालय के वर्चुअल टूर, ‘राजुवास अवलोकन’ पुस्तिका, वार्षिक प्रतिवेदन 2025-26 और न्यूजलेटर का विमोचन किया।
राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान, पुणे के निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने दीक्षांत उद्बोधन में कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में पारंपरिक ज्ञान तथा आधुनिक अनुसंधान की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने विश्वविद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए देशी गायों की नस्लों के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।समारोह में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। अंत में कुलसचिव पंकज शर्मा ने आभार व्यक्त किया।








