वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

ऑस्ट्रेलिया में भीलवाड़ा की बेटी अदिति शर्मा की कला का जलवा, ‘किंगडम’ को मिला प्रथम पुरस्कार

विक्टोरिया के प्रीमियर के दीपावली समारोह में आमंत्रित हुईं अदिति, पति पार्थ शर्मा भी विदेश में बढ़ा रहे राजस्थान का मान

भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण(धीरज कुमार शर्मा)। मेवाड़ की बेटी अदिति शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी कला प्रतिभा के दम पर राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। मेलबर्न में आयोजित VERVÉ कला प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति ‘किंगडम’ को प्रथम पुरस्कार मिला। इस उपलब्धि के बाद अदिति को विक्टोरिया के प्रीमियर बेन कैरोल के दीपावली समारोह तथा गवर्नर मार्गरेट गार्डनर के गवर्नमेंट हाउस में आयोजित बहुसांस्कृतिक सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया।

भीलवाड़ा के महिला आश्रम से शिक्षा प्राप्त करने वाली अदिति ने व्यवसाय प्रबंधन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। वर्ष 2016 में मेलबर्न जाने के बाद उन्होंने अपनी कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई। बचपन से ही कला में रुचि रखने वाली अदिति ने प्रसिद्ध जोशी परिवार से पारंपरिक फड़ चित्रकला का प्रशिक्षण लिया। उनकी पुरस्कृत कृति ‘किंगडम’ भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है।

भारतीय संस्कृति को विदेश में दे रहीं पहचान

अदिति मेलबर्न में दीपावली, दधीचि जयंती और तीज जैसे भारतीय त्योहारों के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाती हैं। वह कलात्मक गृहसज्जा और सजावटी वस्तुओं के निर्माण के क्षेत्र में भी काम कर रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके लगभग चार लाख फॉलोअर्स हैं। कला के साथ अभिनय और नृत्य में रुचि रखने वाली अदिति का चयन प्रसिद्ध डिजाइनर विक्रम फड़नीस के ‘अनंता फैशन शो’ के लिए भी हुआ है। यह शो 13 नवंबर को प्रस्तावित है, जिसमें अभिनेता बॉबी देओल निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।

पार्थ शर्मा भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय

अदिति के पति पार्थ शर्मा भी मूल रूप से भीलवाड़ा के निवासी हैं। वे ऑस्ट्रेलिया में उच्च पद पर कार्यरत होने के साथ राजस्थान फाउंडेशन के ऑस्ट्रेलिया चैप्टर के सचिव भी हैं। अदिति कला और संस्कृति के माध्यम से, जबकि पार्थ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए भारत और राजस्थान की पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। विदेश में दोनों की उपलब्धियां भीलवाड़ा और मेवाड़ के लिए गौरव का विषय बनी हुई हैं।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें