पुष्कर में पटाखे की चिंगारी से मकान में लगी भीषण आग, दहेज का सामान जलकर राख
पुष्कर-अजमेर/घुमन्तु दर्पण(रेखा कुमावत)। तीर्थ नगरी पुष्कर के रियायशी इलाके में स्थित कालों के मोहल्ले की बड़ी बस्ती में मंगलवार रात पटाखे की चिंगारी से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कमरे में रखा दहेज का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार हादसे में करीब दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कालों के मोहल्ले की बड़ी बस्ती निवासी पूनम चंद पुत्र स्वर्गीय भागचंद आदाली के मकान के एक कमरे में उनकी बहन की शादी के लिए दहेज का सामान रखा हुआ था। मंगलवार शाम खिड़की के रास्ते पटाखे की चिंगारी कमरे में जा पहुंची, जिससे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद पुष्कर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे में रखा पूरा सामान जल चुका था।पूनम चंद ने बताया कि आगजनी की इस घटना में करीब दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।








