वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

रूपपुरा के सरकारी स्कूल में चोरी, बच्चों के पोषाहार का 200 किलो गेहूं और गैस सिलेंडर ले गए चोर

खामोर/घुमन्तु दर्पण(किशन वैष्णव)। क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। रूपपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने पोषाहार कक्ष का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, अनाज, खाद्य सामग्री और रसोई के बर्तन चोरी कर लिए। शनिवार सुबह स्कूल पहुंचने पर स्टाफ को घटना का पता चला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

विद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चोर तीन गैस सिलेंडर, करीब 200 किलो गेहूं, 35 किलो चावल, 30 स्टील की गिलासें, 10 लीटर का कुकर, स्टील का धामा और आटा छानने की छलनी सहित अन्य सामान ले गए। इसके अलावा आटा, दालें, नमक, मिर्च, हल्दी और तेल की पीपी भी चोरी कर ली। पोषाहार कक्ष में बच्चों के भोजन के लिए रखी सामग्री चोरी होने से विद्यालय प्रबंधन के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।

सुबह स्कूल पहुंचे तो टूटा मिला ताला

पोषाहार प्रभारी मधु शर्मा, शिक्षक दिनेश कहार और साकिर हुसैन ने बताया कि सुबह विद्यालय पहुंचने पर पोषाहार कक्ष का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अनाज, खाद्य सामग्री और रसोई का सामान गायब था। इसके बाद चोरी गए सामान का विवरण तैयार कर पुलिस को सूचना दी गई।

लगातार चोरियों से ग्रामीणों में रोष

खामोर सहित बिलिया, तहनाल और रूपपुरा क्षेत्र में पिछले दो से तीन वर्षों से चोरी की घटनाएं ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाहपुरा और फुलिया कलां थाना क्षेत्र में भी लगातार चोरी की वारदातों से आमजन, किसानों और गरीब परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई मामलों में अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में रोष और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें