भीलवाड़ा शहर के कलकीपुरा मोहल्ले के वार्ड नंबर 38 स्थित मालियों के बड़े मंदिर क्षेत्र से लापता हुए दो बच्चों के शव करीब 55 घंटे बाद पालड़ी क्षेत्र में एक तालाब के पास मिले। दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना से परिजनों और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तालाब से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
वहीं बच्चों की मौत की सूचना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में परिजन मोर्चरी पर एकत्रित हो गए। निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजन मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से परिजनों से समझाइश के प्रयास किए जा रहे हैं।
दरअसल, कलकिपुरा मोहल्ले में रहने वाले 10 वर्षीय दिव्यांशु सोनी उर्फ डुग्गू और रजत जाट उर्फ भुंगड़ा 4 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। इसके बाद दोनों वापस घर नहीं लौटे। पुलिस की जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दोनों बच्चे एक तीसरे बच्चे के साथ साइकिल पर सांगानेरी गेट की ओर जाते हुए दिखाई दिए थे।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के मुताबिक, दो दिन पहले दोनों बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही थी। आज पालड़ी गांव के पास तालाबनुमा क्षेत्र में पानी के अंदर दो शव मिले हैं। फिलहाल शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि ये दोनों लापता बच्चों के शव हो सकते हैं और उनकी मौत पानी में डूबने से हुई हो सकती है। हालांकि, यदि परिजनों की ओर से किसी तरह का शक या संदेह जाहिर किया जाता है तो पुलिस उसकी विधि-सम्मत जांच करेगी। घटनास्थल से कपड़े और तालाब के अंदर से फुटवियर भी मिले हैं, जिनकी भी जांच की जाएगी। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।








