वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

नशामुक्ति के संदेश के साथ नोखा में मैराथन, युवाओं से बुजुर्गों तक ने लिया भाग

नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। अणुव्रत समिति नोखा की ओर से रविवार को “नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त परिवार—सशक्त पीढ़ी, सशक्त समाज” के संकल्प को लेकर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। सुजानगढ़ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास थाना अधिकारी गोविंद सिंह चारण ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।इस अवसर पर थाना अधिकारी चारण ने पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के ऑपरेशन नीलकंठ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशे के कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, युवतियों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त परिवार” जैसे नारों के माध्यम से नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया। पूरे मार्ग में “हम सबका एक ही नारा, नशामुक्त हो नोखा हमारा” का नारा गूंजता रहा।

पूर्व सैनिक एवं कोच लक्ष्मण गोदारा ‘फौजी’ ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसके खिलाफ सामूहिक जागरूकता और सकारात्मक प्रयास जरूरी हैं।अणुव्रत समिति अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता पैदा करना और परिवारों को स्वस्थ एवं संस्कारवान बनाने का संदेश देना है।

मंत्री गजेंद्र पारख, पूर्व अध्यक्ष मनोज घीया, महावीर नाहटा, रोहित संचेती, संदीप चोरड़िया, पुलकित ललवानी, रोशन शर्मा एवं जय कुलरिया ने अणुव्रत के संयम, अनुशासन और आत्मनियंत्रण जैसे सिद्धांतों को नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण बताया। पेंशनर समाज अध्यक्ष इंदरचंद मोदी ने भी युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में आगे आने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जाट छात्रावास, ग्लोरियस डिफेंस एकेडमी, शारदा क्लासेस एवं तेरापंथ युवक परिषद ने सहयोगी संस्था के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। युवाओं के साथ बुजुर्गों की भागीदारी ने मैराथन को विशेष रूप से प्रेरणादायी बना दिया।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें