नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)| अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत अणुविभा के निर्देशन एवं अणुव्रत समिति नोखा के संयोजन में अणुव्रत प्रेरणा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नोखा के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के 25 राजकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों ने ‘संयम में जीवन है’ अणुव्रत गीत का सामूहिक संगान किया। कार्यक्रम में कुल 6120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मुख्य कार्यक्रम जोरावरपुरा स्थित नामदेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ। कार्यशाला में अणुव्रत जीवनशैली के पालन से व्यक्तित्व विकास और जीवन में नैतिक मूल्यों की भूमिका पर चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने पर्यावरण, अहिंसा और संयम सहित विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी तथा विद्यालय को अणुव्रत के 11 नियमों की पट्टिका भेंट की।
समिति मंत्री गजेंद्र पारख ने ‘निज पर शासन, फिर अनुशासन’ का संदेश देते हुए छात्र जीवन को भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण अवस्था बताया। पार्षद जगदीश मांझू ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उपाध्यक्ष हंसराज भूरा ने आभार व्यक्त किया। संचालन कमल शर्मा ने किया।कार्यक्रम संयोजक दिनेश उपाध्याय ने बताया कि उद्बोधन सप्ताह के दूसरे दिन निकटवर्ती गांव रोड़ा के राजकीय विद्यालय में अहिंसा दिवस मनाया जाएगा।








