गुरला/घुमन्तु दर्पण(बद्री लाल माली)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गाडरमाला में आयोजित जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महेन्द्रगढ़ की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कृष्णा साहू पुत्री सीताराम तेली ने फाइनल मुकाबले में पिथास की छात्रा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही कृष्णा का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अब कृष्णा आगामी दिनों में भीनमाल, जालौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।प्रतियोगिता में विद्यालय की अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। रेखा वैष्णव ने रजत पदक, जबकि पूजा सिरवी, चंचल साहू, राधा तेली और तनिषा खोईवाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रामावतार शर्मा ने सभी विजेता छात्राओं, शारीरिक शिक्षिका मंजू बुलीवाल एवं टीम प्रभारी मंजू नैनावटी को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों की यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।महेन्द्रगढ़ गांव की छात्राओं की इस उपलब्धि से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।








