नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। अणुविभा एवं भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग के मार्गदर्शन में 4 अक्टूबर को देशभर में आयोजित होने वाली “नशा मुक्ति परिवार मैराथन” के तहत अणुव्रत समिति नोखा की ओर से भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मैराथन के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से मैराथन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज ने सपोर्ट कार्ड लिखकर “नशामुक्त नोखा” का आह्वान किया। उन्होंने नशामुक्ति की शुरुआत परिवार से करने पर जोर दिया। तहसीलदार सुनीता चारण ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशामुक्त समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता जरूरी है।
अणुव्रत समिति उपाध्यक्ष हंसराज भूरा, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष गजेंद्र पारख, अरुण भूरा, आयुर्वेद विभाग के डॉ. राजेंद्र सोनी तथा पेंशनर समाज अध्यक्ष इंदरचंद मोदी ने भी अधिकाधिक लोगों से मैराथन में भाग लेने का आह्वान किया।अणुव्रत समिति नोखा के अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने बताया कि मैराथन को लेकर समिति की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जनजागरण का अभियान है। उन्होंने नोखा के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं परिवारों से मैराथन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।







