नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, नोखा की ओर से जनसेवा और मानवता के उद्देश्य से बुधवार, 23 सितंबर को विशाल रक्तदान शिविर ‘रक्तदान कर्तव्य’ का आयोजन किया जाएगा। शिविर तेरापंथ भवन, महावीर चौक में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। तेरापंथ युवक परिषद, नोखा ने वर्ष 2025 में भी रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया था। परिषद की ओर से आयोजित एक शिविर में 927 यूनिट रक्तदान का रिकॉर्ड बनाया गया था। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी रक्तदान महाअभियान आयोजित किया जा रहा है।
परिषद ने नोखा शहर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और सेवा भावी लोगों से अभियान में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान है। परिषद ने सभी पात्र एवं स्वस्थ नागरिकों से अपील की कि वे 23 सितंबर को सुबह 9 बजे तेरापंथ भवन, महावीर चौक पहुंचकर रक्तदान करें और इस जनसेवा अभियान को सफल बनाएं।








