भीलवाड़ा। माणिक्य नगर में एक बार फिर गणेश भक्ति का माहौल बनने जा रहा है। भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के साथ ‘माणिक्य नगर के राजा’ का दरबार सजाया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेतृत्व में 14 से 25 सितंबर तक गणेश महोत्सव आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 8 से रात 11 बजे तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, डांडिया रास सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
18 साल से चली आ रही परंपरा
आयोजन समिति अध्यक्ष रोहित सेन ने बताया कि माणिक्य नगर में ‘माणिक्य नगर के राजा’ के नाम से गणेश महोत्सव का आयोजन पिछले 18 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इस बार भी आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं और नवयुवक मंडल में उत्साह है। पंडाल, सजावट सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महोत्सव की तैयारियों में लखन सोनी, मनोज सोनी, सूरज प्रजापत, अखिलेश व्यास, लादू प्रजापत, सौम्य मेहता सहित बजरंग दल माणिक्य नगर के कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। महोत्सव के दौरान क्षेत्र में भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रंग देखने को मिलेगा।







