नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)| नोखा नगर पालिका के पालिकाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई। विकास मंच की ओर से बजरंग सोनी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। वहीं भाजपा की ओर से दिनेश सुथार और रेवंत राम नाई ने नामांकन दाखिल किया है। तीनों प्रत्याशी मूल ओबीसी वर्ग से जीते हुए पार्षद हैं।
बजरंग सोनी के नाम की घोषणा चुनाव के दौरान कन्हैयालाल झंवर की ओर से की गई थी। इसके बाद विकास मंच ने उन्हें पालिकाध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा। भाजपा की ओर से दिनेश सुथार के साथ रेवंत राम नाई के नामांकन दाखिल करने से मुकाबला और रोचक हो गया है।
45 वार्डों के नतीजों पर टिकी नजर
नोखा नगर पालिका के हाल ही में हुए 45 वार्डों के चुनाव में विकास मंच/माकपा को 29 सीटें मिली हैं। भाजपा के खाते में 13 सीटें आईं, जबकि 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। ऐसे में पालिकाध्यक्ष चुनाव में पार्षदों के समर्थन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नामांकन के दौरान आसकरण भट्टड़, निर्मल भूरा, प्रभारी सुनील यादव सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा के सभी प्रत्याशी तीन चरणों में अपना प्रमाणपत्र लेने पहुंचे, जहां रिटर्निंग अधिकारी प्रिया बजाज ने उन्हें शपथ दिलाई।अब राजनीतिक दलों के साथ-साथ शहरवासियों की निगाहें 21 सितंबर को होने वाली बैठक और मतदान पर टिकी हैं। इसी दिन नोखा को नया पालिकाध्यक्ष मिलेगा और पालिका की कमान किसके हाथ जाएगी, इसका फैसला होगा।








