भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शास्त्री नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में महान अभियंता एवं भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अभियंता दिवस मनाया गया। इस दौरान कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए विशेष ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सर विश्वेश्वरैया के प्रेरणादायी जीवन, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी गई। भूतपूर्व वैज्ञानिक, भाभा परमाणु अनुसंधान संस्थान, पुणे के करण सिंह सिंघवी द्वारा तैयार PPT के माध्यम से विज्ञान आचार्य ने विद्यार्थियों को उनके कार्यों से परिचित कराया।
इस दौरान वर्ष 1903 में विकसित स्वचालित फ्लडगेट, दक्कन क्षेत्र की ब्लॉक सिंचाई प्रणाली तथा मैसूर में कावेरी नदी पर निर्मित कृष्णराज सागर बांध सहित उनके महत्वपूर्ण कार्यों के बारे में बताया गया। साथ ही मैसूर रियासत के दीवान रहते हुए उनके द्वारा स्थापित प्रमुख संस्थानों की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों से सर विश्वेश्वरैया के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अनुशासन, समय प्रबंधन, शिक्षा और तकनीकी कौशल को अपनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में कुछ नया करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा जागृत हुई।








