नगर निगम के 70 वार्डों में भाजपा 45, कांग्रेस 10 और 15 निर्दलीय विजयी 10 नगरपालिकाओं के परिणाम भी घोषित
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को भीलवाड़ा नगर निगम सहित जिले की 10 नगरपालिकाओं के सदस्य पदों की मतगणना शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हुई। नगर निगम के वार्डों की मतगणना तिलक नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में, जबकि नगरपालिकाओं की मतगणना संबंधित पालिका मुख्यालयों पर कराई गई।
नगर निगम भीलवाड़ा के 70 वार्डों में भाजपा ने 45 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के 10 और 15 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।
नगरपालिकाओं के परिणामों में आसींद के 25 वार्डों में भाजपा 12, कांग्रेस 8 और निर्दलीय 5, बनेड़ा के 20 वार्डों में भाजपा 10, कांग्रेस 9 और निर्दलीय 1 प्रत्याशी विजयी रहे। बीगोद में भाजपा 12, कांग्रेस 6 और निर्दलीय 7 प्रत्याशी जीते।
बिजौलिया के 25 वार्डों में भाजपा 12, कांग्रेस 11 और निर्दलीय 2, जबकि गंगापुर में भाजपा 9, कांग्रेस 14 और निर्दलीय 2 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
गुलाबपुरा के 35 वार्डों में भाजपा 14, कांग्रेस 10, निर्दलीय 10 और आरएलपी का एक प्रत्याशी विजयी रहा। हमीरगढ़ के 20 वार्डों में भाजपा 8, कांग्रेस 7 और निर्दलीय 5 प्रत्याशी जीते।
जहाजपुर के 25 वार्डों में भाजपा ने 15, कांग्रेस ने 3 और निर्दलीयों ने 7 सीटें जीतीं। मांडलगढ़ के 20 वार्डों में भाजपा 11, कांग्रेस 2 और निर्दलीय 7 प्रत्याशी विजयी रहे।
वहीं शाहपुरा के 35 वार्डों में कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए 22 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा के 8 और 5 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।
मतगणना को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए। मतगणना केंद्रों पर प्रवेश-निकास, सुरक्षा, कार्मिकों की सुविधाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक प्रबंध किए गए। पूरी प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई।

चुनाव पर्यवेक्षक ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
चुनाव पर्यवेक्षक अरविंद सारस्वत ने मतगणना केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मतगणना प्रक्रिया की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना कक्षों तथा निर्वाचन नियमों की पालना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।








