वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

तीन साथी टॉयलेट के लिए उतरे पिता कार में रुके, पलभर में 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी कार

भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। चार धाम यात्रा पर गए भीलवाड़ा के चार परिचितों की कार उत्तराखंड के देवप्रयाग जिले में तोताघाटी के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। 6 सितंबर की शाम करीब 6.30 बजे कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे से कुछ मिनट पहले कार में सवार तीन लोग टॉयलेट के लिए नीचे उतर गए थे, जबकि देवीलाल तेली कार में ही रुके रहे। हादसे में तीनों की जान बच गई, लेकिन कार में मौजूद देवीलाल का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हैं।

बनेड़ा क्षेत्र के निवासी और वर्तमान में सुभाषनगर थाना क्षेत्र के कीरखेड़ा में रहने वाले देवीलाल (45) पुत्र बद्रीलाल तेली अपने बेटे लखन, जमाई राजू और मित्र पंकज के साथ 2 सितंबर को चार धाम यात्रा पर निकले थे। केदारनाथ से लौटते समय 6 सितंबर को ऋषिकेश से करीब 45 किलोमीटर दूर तोताघाटी में जाम के दौरान उनकी कार रुकी।

इसी दौरान लखन, राजू और पंकज टॉयलेट के लिए कार से नीचे उतर गए। उन्होंने देवीलाल को भी साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कार में ही रुकने की बात कही। तीनों के नीचे उतरने के कुछ ही मिनट बाद कार अचानक खाई में जा गिरी। तीनों की आंखों के सामने कार गहरी खाई में गिर गई।

चकनाचूर हालत में मिली कार, देवीलाल का नहीं मिला सुराग

सूचना मिलने पर देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद खाई से कार को बाहर निकाला गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली और उसमें कपड़े सहित अन्य सामान भी बरामद हुआ, लेकिन देवीलाल का कोई पता नहीं चला।

हादसे के बाद बेटे लखन और अन्य साथियों ने भी करीब दो दिन तक अपने स्तर पर तलाश की। इसके बावजूद देवीलाल का सुराग नहीं मिला। अब पांच दिन से पुलिस और एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी है।

हादसा कैसे हुआ, कारण अभी स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किसी अन्य वाहन की टक्कर से खाई में गिरी या सड़क के ढलान पर संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। क्षेत्र में लगातार बारिश और कोहरे के कारण भी बचाव अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। परिजनों और परिचितों को अब भी देवीलाल के सकुशल मिलने की उम्मीद है।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें