भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। आसींद नगर पालिका में द्वितीय चरण के तहत मतदान जारी है। दोपहर 12 बजे तक 58.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के बीच कांग्रेस नेताओं ने प्रेस से बातचीत कर नगर पालिका में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा किया।
पीसीसी उपाध्यक्ष आगामी लाल मेवाड़ा और नगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंशूर अहमद शेख ने कहा कि पार्टी ने सभी 25 वार्डों में प्रत्याशियों के चयन में वार्डवासियों की राय और जनभावना को प्राथमिकता दी। नेताओं के अनुसार स्वच्छ छवि और क्षेत्र में सक्रिय उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है।
पूर्व भाजपा बोर्ड पर लगाए आरोप
कांग्रेस नेताओं ने पूर्व भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ा। उन्होंने कथित अवैध वसूली के आरोप भी लगाए और दावा किया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता में नाराजगी है।
बहुमत मिलने पर विकास को गति देने का दावा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान कर रही है। कांग्रेस का बोर्ड बनने पर रुके हुए विकास कार्यों को गति देने, नगरपालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और आमजन की समस्याओं का समाधान करने का दावा किया गया। मतदान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह नजर आया।








