पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)। मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन के निकट तीन सिंगल वाले बाबा दरगाह के पास बुधवार को अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। दोनों रेलवे लाइनों के बीच लगी आग से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक के साथ आरपीएफ और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं श्री साईं दर्शन हेल्पलाइन सामाजिक संगठन के देवेंद्र सिंह मीणा सहित संगठन के पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। स्थानीय संसाधनों, पानी के टैंकरों और रेलवे के अग्निशमन उपकरणों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
समय रहते पाया काबू, टली बड़ी घटना
गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। संगठन के सदस्यों और मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से रेलवे की हाईटेंशन लाइन और केबलों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। यदि आग इन तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे और पुलिस की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।








