मंदिर परिसर में विशेष सजावट, हनुमानजी महाराज के चढ़ेगा डायमण्ड चोला
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण।भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व शुक्रवार को मुख्य डाकघर के पास स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर पर श्रद्धा भक्ति एवं उल्लास के माहौल में मनाया जायेगा। महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज के सान्निध्य में मनाए जाने वाले जन्माष्टमी पर्व के लिए तैयारियां पूरी हो गई है। मंदिर में 25 से अधिक विद्युतचलित झांकिया मुख्य आकर्षण होंगी। इन झांकियों में इस बार विशेष आकर्षण ‘‘महाभारत’’ के विभिन्न प्रसंगों की झलक दिखाने वाली झांकी होंगी। इन झांकियों के माध्यम से भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का चित्रण होने के साथ विभिन्न सामाजिक संदेश भी प्रदान किए जाएंगे। इन झांकियों में कारागृह में कृष्ण जन्म, गोकुल में बाल लीला, कंस वध, पूतना वध, कृष्ण-सुदामा मिलन जैसे कई प्रसंगों की झांकिया भी होगी। कई झांकिंया हवा में उड़ती हुई दिखेगी जो भक्तों को आकर्षित करेंगी। ‘‘छोटा योगी’’ की जीवंत झांकी भी आकर्षण का केन्द्र रहेगी। संकटमोचन हनुमान मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी सांवरमल बंसल, महावीर अग्रवाल व रमेशचन्द बंसल ने बताया कि जन्माष्टमी पर फूलों से एवं रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर पर आकर्षक सजावट की गई है। जन्माष्टमी पर हनुमानजी महाराज के डायमंड का चोला चढ़ाया जाएगा। इन झांकियो को सजाने के लिए आगरा, दिल्ली व मथुरा से कलाकार भीलवाड़ा पहुंच गए हैं। जन्माष्टमी पर गोलप्याउ चौराहे से नगर निगम चौराहे तक आकर्षक रोशनी एवं सजावट होंगी। शाम 5 बजे से झांकियों का दर्शन शुरू हो जाएगा एवं बाल गोपाल भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मध्यरात्रि में मनाया जाएगा। जयकारों के बीच भगवान लड्डु गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर पंजीरी व माखन-मिश्री का भोग लगाया जाएगा। इस अवसर पर केक भी काटा जाएगा। महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं यादगार तरीके से मनाने के लिए मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है । इस आयोजन को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों एवं भक्तजनों से भी सहयोग मिला है।








