भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर की आरके कॉलोनी में मंगलवार को शराब गोदाम के पास स्थित कपड़े के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़ा रखा होने से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल सूत्रों के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही दो दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। कपड़ा होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
धुएं का गुबार देख मौके पर जुटी भीड़
गोदाम से उठती आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं। आग बुझने के बाद ही गोदाम में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा।








