भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। पुर थाना पुलिस और डीएसटी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे स्थित हजारी खेड़ा चौराहे पर एक क्रेटा कार से 123 किलो 550 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने कार सवार अनुज (24) पुत्र राजेश विश्नोई, निवासी भिवानी को गिरफ्तार किया है। वहीं कार चालक विक्रम विश्नोई मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक जब्त डोडा चूरा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 18 लाख रुपए है। कार की तलाशी में दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना पर हाईवे पर लगाया नाकाबंदी जाब्ता
पुर थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने बताया कि डीएसटी के हेड कांस्टेबल विजय सिंह को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ की तरफ से एक संदिग्ध क्रेटा कार भीलवाड़ा की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर हजारी खेड़ा चौराहे पर पुलिस टीम को तैनात किया गया।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार के आगे स्टॉप स्टिक लगा दी, जिससे टायर पंचर हो गए। इसके बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, जबकि पास की सीट पर बैठा युवक भी भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
सात कट्टों में भरा था डोडा चूरा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर सात प्लास्टिक के कट्टे मिले। इनमें डोडा चूरा भरा हुआ था। वजन करने पर कुल मात्रा 123 किलो 550 ग्राम निकली। तलाशी के दौरान कार से दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गईं।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डोडा चूरा, क्रेटा कार और फर्जी नंबर प्लेट जब्त कर ली हैं।
तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल शुरू
पुलिस अब डोडा चूरा की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी। कार्रवाई में पुर थाना प्रभारी कन्हैयालाल सहित एएसआई यशवीर, हेड कांस्टेबल कालूराम, विजय सिंह और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।








