गुरला/घुमन्तु दर्पण(बद्री लाल माली)| ग्राम पंचायत कोचरिया में किसान मूलचंद कुमावत और लक्ष्मण कुमावत के खेत में 8 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत में महिलाएं चारा काट रही थीं, इसी दौरान चारे में छिपा अजगर नजर आया। महिलाओं ने शोर मचाया तो किसान लक्ष्मण कुमावत ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही वनपाल चंद्रपाल सिंह राणावत के निर्देश पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
टीम में वनरक्षक रूपेंद्र सिंह, वनरक्षक दिनेश कुमार रेगर और टेक्नीशियन शंकर लाल विश्नोई शामिल रहे। टीम ने खेत में चारे के बीच छिपे अजगर को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी टीम का सहयोग किया।रेस्क्यू के बाद वनरक्षक रूपेंद्र सिंह ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि खेत या आबादी क्षेत्र में अजगर अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
भारतीय रॉक पाइथन है अजगर
वनरक्षक रूपेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू किया गया अजगर भारतीय रॉक पाइथन प्रजाति का है। यह विशाल और विषहीन होता है तथा इसकी लंबाई 20 फीट तक हो सकती है। उन्होंने बताया कि यह प्रजाति भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत संरक्षित है।वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।








