आसींद/घुमन्तु दर्पण(परमवीर सिंह कटार)| गांव दौलतगढ़ की द्वितीय कावड़ यात्रा सोमवार को आसींद स्थित सवाई भोज महाराज के यहां से शुरू हुई। करीब 13 किलोमीटर की इस पैदल कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शिवभक्तों ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान कई ऐसे दृश्य देखने को मिले, जो श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए भावुक कर देने वाले रहे।कावड़ यात्रा में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 7 वर्ष के बच्चे भी नंगे पैर पैदल यात्रा करते नजर आए। यात्रा मार्ग में सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से हर करीब 2 किलोमीटर पर श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।
ग्रामीणों ने कहा कि दौलतगढ़ गांव की खासियत है कि यहां सभी समाज के लोग मिल-जुलकर हर कार्यक्रम को सामूहिक रूप से मनाते हैं। कार्यक्रम किसी भी जाति या समाज का हो, पूरा गांव एकजुट होकर उसमें भागीदारी निभाता है। इसी सामाजिक एकता और भाईचारे की झलक कावड़ यात्रा में भी देखने को मिली।आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा गया कि सभी के सहयोग से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजकों ने सभी सहयोगियों को साधुवाद देते हुए ईश्वर से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।








