नर्सिंगपुरा में पोल से लटकी लाइट, बीच सड़क पर बैठे मवेशी ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
गुरला/घुमन्तु दर्पण(बद्री लाल माली)| भीलवाड़ा-राजसमंद नेशनल हाईवे पर मुझरास टोल प्लाजा के पास नर्सिंगपुरा में हाईवे की स्ट्रीट लाइटें बदहाल स्थिति में हैं। बुधवार शाम GPS कैमरे से ली गई तस्वीरों में टोल कंपनी की लापरवाही सामने आई। हाईवे किनारे लगे पोल पर स्ट्रीट लाइट का बॉक्स टूटकर तारों के सहारे लटकता मिला, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।वहीं हाईवे के बीच सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। शाम होते ही इस पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है, जिससे बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार नर्सिंगपुरा से मुझरास टोल होते हुए नरसिंहपुरा तक लगी स्ट्रीट लाइटों में आधी से ज्यादा बंद पड़ी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल कंपनी द्वारा नियमित मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है, जबकि हाईवे पर वाहन चालकों से लगातार टोल वसूला जा रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि खराब लाइटों को निर्धारित समय में दुरुस्त किया जाना चाहिए, लेकिन कई लाइटें लंबे समय से बंद हैं। अंधेरे और सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों और जिला प्रशासन से टूटी लाइट को तत्काल बदलने, सभी बंद लाइटें चालू कराने तथा हाईवे से मवेशियों को हटाने की मांग की है।








