जहाजपुर/घुमन्तु दर्पण(मोहम्मद आजाद नेब)| जहाजपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों से अन्य वारदातों और गिरोह में शामिल सदस्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस उपाधीक्षक रेवड़मल मोर्य के सुपरविजन और थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। 19 अगस्त को जहाजपुर थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जहाजपुर के साथ अजमेर क्षेत्र से भी मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।मामले में पुलिस ने सांवरिया शुक्ला (30) निवासी छीपा मोहल्ला, जहाजपुर और अजय खटीक (27) निवासी संतोष नगर, जहाजपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पार्किंग में खड़े वाहनों पर रखते थे नजर
पुलिस के अनुसार आरोपी सरकारी कार्यालयों और दुकानों के बाहर पार्क की गई मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। वाहन मालिक के मोटरसाइकिल खड़ी कर अंदर जाने के बाद आरोपी दूर से उस पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही साथी की मदद से वाहन चोरी कर फरार हो जाते थे।पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और बरामद मोटरसाइकिलों से जुड़ी चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी दयाराम चौधरी सहित जहाजपुर थाना पुलिस टीम के सदस्य शामिल रहे।








