भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को भीलवाड़ा शहर के रीको एरिया में सघन कार्रवाई की। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान खराब तेल और दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विभागीय टीम ने रीको एरिया स्थित मैसर्स निकिता फूड प्रोडक्ट्स से नमकीन का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान मौके पर करीब 50 लीटर खराब तेल मिला, जिसे जनहित में नष्ट करवाया गया।

इसी तरह मैसर्स सुखवाल बेकरी से बिस्किट का नमूना लिया गया। यहां करीब 20 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके अलावा मीरा सर्किल स्थित मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।विभाग द्वारा लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, साक्षी जैन और एफएसओ नीरज मीणा मौजूद रहे।सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मिलावटखोरी और दूषित खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








