बदनोर/घुमन्तु दर्पण। थाना क्षेत्र के परा गांव में बुधवार देर शाम खेत पर रखवाली के लिए गए 70 वर्षीय किसान दयाराम गुर्जर की करीब 80 फीट गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह तलाश के दौरान उनका शव कुएं में तैरता मिलासूचना पर बदनोर पुलिस, सिविल डिफेंस टीम ब्यावर, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा शव निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मृतक के भतीजे नारायण लाल ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि दयाराम बुधवार शाम खेत पर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुबह खेत के कुएं में उनका शव दिखाई दिया।
रेस्क्यू अभियान में आसींद-बदनोर क्षेत्र में आपातकालीन बचाव कार्यों से जुड़े स्नेक मैन एवं गोताखोर आसिफ मोहम्मद शेख अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने करीब 80 फीट गहरे कुएं में उतरकर शव को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। कई घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 4 बजे शव कुएं से बाहर निकाला जा सका। टीम में आसिफ मोहम्मद शेख के साथ रईस मोहम्मद, हबीब मोहम्मद और जुमा दीन मोहम्मद सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।बदनोर थाना प्रभारी शंभू दयाल मीणा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर से परा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।







