चित्तौड़गढ़/घुमन्तु दर्पण। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपये कीमत की शराब और बीयर से भरे मिनी ट्रक को जब्त किया है। तस्करों ने खेप छिपाने के लिए ट्रक में ऊपर पुराने बिस्किट के कार्टन रखे थे, ताकि पहली नजर में ट्रक सामान्य माल से भरा दिखाई दे।एसओजी जयपुर से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने नारायणपुरा टोल के समीप चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ऊपर रखे बिस्किट के कार्टन हटाने पर उनके नीचे शराब और बीयर के 505 कार्टन बरामद हुए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शराब चंडीगढ़ निर्मित बताई गई है। पूछताछ में चालक ने शराब की खेप हरियाणा से गुजरात ले जाने की जानकारी दी। पुलिस ने ट्रक चालक रिंकु पुत्र रामनिवास कुम्हार (25), निवासी भिवानी, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह एवं बड़ीसादड़ी डीएसपी हरिशचंद्र सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी भवानीशंकर की टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक को पकड़ा।अब पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है। जांच में शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और गुजरात में खेप की डिलीवरी लेने वाले नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।







