गुरला/घुमन्तु दर्पण। ग्राम पंचायत सेथुरिया के सोपुरा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के मुख्य गेट के बाहर लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। स्कूल के रास्ते पर करीब 2 से 3 फीट तक गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक 111 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें कई बच्चे आसपास के गांवों से 2-3 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचते हैं। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी स्कूल के मुख्य रास्ते पर ही जमा हो जाता है। इससे फिसलन के कारण बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है, वहीं गंदे पानी से बदबू और मच्छरों की समस्या भी बढ़ गई है।
15 अगस्त की तैयारियों पर असर
स्वतंत्रता दिवस को लेकर स्कूल में परेड, पीटी, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। लेकिन स्कूल के बाहर कीचड़ के कारण बच्चों को अभ्यास में परेशानी हो रही है। सफेद ड्रेस में परेड की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के कपड़े और जूते कीचड़ से खराब हो रहे हैं।
ग्रामीण अर्जुन पुरी ने बताया कि स्कूल के सामने नाली निर्माण को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर शिकायत की जा चुकी है। उनका कहना है कि पंचायत की ओर से फंड नहीं होने की बात कही जाती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले कम से कम रास्ते पर मिट्टी या मुर्रम डलवाकर आवागमन सुचारु किया जाए।अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूल के रास्ते की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे पंचायत भवन पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में झंडारोहण का बहिष्कार करने का निर्णय ले सकते हैं।








