वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

51 लाख की लूट में बड़ा खुलासा कस्टोडियन निकला मास्टरमाइंड, 46 लाख बरामद

नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। पांचू थाना क्षेत्र में एटीएम कैश वैन से 51 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की रकम में से 46 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। आरोपियों ने लूट की रकम को बाल्टी में भरकर खेत की बाउंड्री पर लगी झाड़ियों में छिपा दिया था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्वरूपसर, पांचू निवासी 20 वर्षीय श्यामसुंदर पुत्र उदाराम जाट और चरकड़ा हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी, नोखा निवासी 23 वर्षीय विक्रमसिंह पुत्र शिवपाल सिंह राजपूत के रूप में हुई है। मामले में नोखा निवासी अशोक जाट और पांचोड़ी निवासी मनीष प्रजापत की तलाश जारी है।

कस्टोडियन ने रची थी लूट की साजिश

पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि कंपनी का कस्टोडियन विक्रमसिंह राजपूत ही लूट की वारदात का मास्टरमाइंड था। उसने श्यामसुंदर, मनीष और अशोक के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। योजना के तहत अन्य तीन आरोपी कैश वैन को रोककर बंदूक दिखाते, जबकि विक्रमसिंह कर्मचारियों की जान बचाने का बहाना बनाकर कैश बॉक्स लुटेरों को सौंप देता।

5 अगस्त को हुई थी वारदात

5 अगस्त को विभिन्न बैंकों की नकदी एटीएम में पहुंचाने वाली कंपनी सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड की कैश वैन नोखा की ओर जा रही थी। वैन में 51 लाख रुपए की नकदी थी। सारूंडा से करीब 5-7 किलोमीटर पहले साधुना रोड पर बिना नंबर की कैंपर गाड़ी से आए 2-3 बदमाशों ने कैश वैन को रोक लिया। एक आरोपी ने चालक के सिर पर बंदूक तानकर सभी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी कैश बॉक्स सहित 51 लाख रुपए लेकर फरार हो गए।

वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि लूटी गई रकम को बाल्टी में भरकर खेत की बाउंड्री पर झाड़ियों के बीच छिपाया गया था। पुलिस ने मौके से 46 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें