बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को मेघासर में प्रस्तावित मूर्ति अनावरण एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।बैठक में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, श्याम पंचारिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी बीकानेर आईएएस महिमा कसाना, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक डॉ. नरेंद्र शेखावत सहित पीएचईडी, पुलिस, नगरीय निकाय, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीईओ जिला परिषद शैलजा पांडे ने कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभागवार तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर हवा, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने भी अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।








