दो टिन तेल की ठगी कर स्कूटी से भागा था आरोपी, नशे की पूर्ति के लिए करता था चोरी-ठगी
बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। गंगाशहर बाजार स्थित सुसवाणी जनरल स्टोर से दो टिन तेल ठगकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी कहीं छिपा नहीं, बल्कि घर जाकर आराम से सो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की और अगली सुबह घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नत्थूसर गेट निवासी 22 वर्षीय वेदप्रकाश छंगाणी पुत्र लक्ष्मीकांत छंगाणी के रूप में हुई है। आरोपी ने भाजपा नेता मोहन सुराणा के भाई की दुकान से तेल के दो टिन ठगे थे। मामले की जांच कर रहे एएसआई अशोक सांदु ने बताया कि आरोपी नशे का आदी और आदतन चोर है। उसके खिलाफ नयाशहर और कोटगेट थाने में दुकान का गल्ला चोरी करने के एक-एक मामले दर्ज हैं। दोनों वारदातें उसने साथी के साथ मिलकर की थीं।
पहले भाव-मोल, फिर बिल का बहाना और स्कूटी से फरार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की पूर्ति के लिए चोरी और ठगी करता है। वह दुकानों पर जाकर अलग-अलग ब्रांड के खाद्य तेल के टिन के भाव-मोल करता था। इसके बाद दुकानदार से तेल के टिन स्कूटी पर रखवाकर बिल काटने की बात कहता और मौका मिलते ही स्कूटी लेकर फरार हो जाता था।
बाद में वह चोरी किए गए तेल को शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए तेल की आसानी से बिक्री हो जाने के कारण आरोपी इसी तरीके को बार-बार अपनाता था।सुसवाणी जनरल स्टोर पर भी आरोपी ने इसी तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उसने तेल के टिन के भाव पूछे, दो टिन स्कूटी पर रखवाए और बिल काटने की बात कहकर दुकानदार के सामने ही स्कूटी लेकर फरार हो गया।
नशे की लत ने इकलौते बेटे को बनाया अपराधी
पुलिस के अनुसार वेदप्रकाश की मां का निधन हो चुका है और वह अपने पिता की इकलौती संतान है। उसके पिता बिन्नाणी चौक में दुकान करते हैं। बताया गया कि पिता स्वयं दिल के मरीज हैं और बेटे को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए कई बार प्रयास कर चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली।
साइबर मामले का भी किया खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके खिलाफ हरियाणा के फतेहाबाद में साइबर अपराध से जुड़ा मामला भी दर्ज है। उसने पूर्व में अपना बैंक खाता किराए पर दिया था, जिसमें किसी व्यक्ति ने कथित तौर पर अवैध राशि जमा करवाई थी। पुलिस इस मामले की भी जानकारी जुटा रही है।
वारदात के बाद घर जाकर सो गया
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और अगली सुबह उसके घर पर दबिश दी। आरोपी घर में सोता हुआ मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त कर ली है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी और ठगी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।








