खजूरी/घुमन्तु दर्पण। खजूरी पंचायत समिति के पारोली कस्बे में गुरुवार शाम एक युवक द्वारा 20 फीट ऊंचे पीपल के पेड़ से छलांग लगाने की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना ढोला चौराहे के पास शाम करीब 6 बजे की है।जानकारी के अनुसार रोपा निवासी 30 वर्षीय भैरूलाल मीणा पुत्र कालू मीणा एक होटल पर चाय पीने के लिए रुका था। इसी दौरान उसने वहां मौजूद लोगों को चकमा दिया और अचानक पास स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। देखते ही देखते उसने करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पारोली थाने के बीट प्रभारी रणजीत डूडी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल पारोली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार भैरूलाल नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और युवक के नशे के इतिहास सहित घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही या सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा कोई पहलू सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







