माण्डल/घुमन्तु दर्पण। माण्डल थाना क्षेत्र के देबीपुरा-केरिया गांव में एक विवाहिता ने अपने पति पर जीवित रहते दूसरी शादी करने, मारपीट कर घर से बेदखल करने, जेसीबी से मकान क्षतिग्रस्त कराने तथा नकदी और जेवरात ले जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने माण्डल थाने में परिवाद देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
परिवाद के अनुसार, हीरी देवी पत्नी नारायण गुर्जर ने बताया कि वह नारायण गुर्जर की पहली पत्नी है और उनके दो पुत्र तथा एक पुत्री हैं। उनका आरोप है कि करीब आठ वर्ष पूर्व पति ने उनके रहते हुए मेमा गुर्जर निवासी बटेडा (आसींद) से नाता विवाह कर लिया। इसके बाद से पति द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाने लगी। पीड़िता का कहना है कि पति वर्तमान में दूसरी पत्नी के साथ बड़ौदा में रहता है और परिवार के भरण-पोषण का खर्च भी नहीं देता।
महिला ने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले पति और उसकी दूसरी पत्नी देबीपुरा आए, जहां उनके और बच्चों के साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया तथा घर की भैंस भी अपने कब्जे में ले ली। इस संबंध में माण्डल थाना और डायल-112 पर शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़िता के अनुसार, 3 अगस्त की रात आरोपियों ने जेसीबी से मकान की सुरक्षा दीवार गिरा दी और लोहे का गेट पिकअप वाहन में डालकर ले गए। इसके बाद 4 अगस्त की रात 10 से 15 लोगों के साथ मिलकर फिर जेसीबी से चारदीवारी और शौचालय को ध्वस्त कर दिया।
महिला का दावा है कि 5 अगस्त को जब वह बच्चों के साथ मौके पर पहुंची तो कमरे से करीब 2 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवरात और भैंस गायब मिले।परिजनों का आरोप है कि नारायण गुर्जर आदतन अपराधी है, जिसके भय से पूरा परिवार गांव छोड़कर अन्यत्र रहने को मजबूर है। पीड़िता ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा, नुकसान की भरपाई तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।








