घुमन्तु दर्पण। बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं की यात्रा बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर श्रद्धालुओं से भरी इको वैन की डंपर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इको वैन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु और वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा के श्रद्धालु 26 जुलाई को बागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार शाम करीब 5 बजे दर्शन करने के बाद सभी इको वैन से वापस भीलवाड़ा लौट रहे थे। बुधवार रात करीब 12:30 बजे शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर उनकी इको वैन सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सुरवाया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला श्रद्धालु और वाहन चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सात घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।








