भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। राजसमंद जिले के श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा से गुजरात जा रही एक ट्रेवल्स बस से 140 पेटी अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बस को भी जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रेवल्स बस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस की पिछली सीटों के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्सों में छिपाकर रखी गई 140 पेटी अंग्रेजी बीयर बरामद हुई।
पूछताछ में चालक और खलासी से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भैरूलाल निवासी रिछेड़ (चारभुजा) और राजू निवासी लाखागुड़ा (देवगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी राजू के खिलाफ आबकारी अधिनियम का एक अन्य मामला पहले से दर्ज है।पुलिस ने जब्त शराब और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।





