भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर के रोडवेज बस स्टैंड चौराहे पर नगर परिषद के विकास कार्यों पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। यहां नाले की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। सुरक्षा के नाम पर केवल बैरिकेड्स लगाकर काम रोक दिया गया, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण खुले गड्ढे में पानी भर गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। वहीं गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों के पनपने और बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्थानीय लोगों को अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कार्य किस विभाग द्वारा कराया जा रहा है। नगर परिषद और संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं, जिससे कार्य पूरा होने में भी अनिश्चितता बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में विकास कार्य शुरू तो कर दिए जाते हैं, लेकिन समय पर पूरे नहीं होने के कारण जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पड़े इस कार्य को जल्द पूरा कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।








