भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। जिले के अजमेर-भीलवाड़ा रेलमार्ग पर हीराजी की खेड़ी पुलिया के निकट रेलवे ट्रैक के पास शुक्रवार को एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मांडल थाने के सहायक उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र धाबाई ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसने सिर पर साफा, शरीर पर सफेद धोती और कुर्ता पहन रखा था। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और उसके पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले। पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है तथा उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और संबंधित एजेंसियों को सूचना भेजी गई है। साथ ही गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
मांडल थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस हुलिए के बुजुर्ग को पहचानता हो या उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी रखता हो, तो तत्काल मांडल थाना पुलिस से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।








