गुरला/घुमन्तु दर्पण(बद्रीलाल माली)। बूंदी में राजस्थान कुश्ती संघ के तत्वावधान में 5 से 7 जुलाई तक आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-23 कुश्ती प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का परचम लहराया। भीलवाड़ा ने फ्रीस्टाइल पुरुष एवं महिला वर्ग में जनरल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि ग्रीको रोमन शैली में उपविजेता का खिताब हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
केसरी नंदन व्यायामशाला एवं सुखाड़िया स्टेडियम के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि महिला वर्ग में भीलवाड़ा की पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 72 किलोग्राम भार वर्ग में माया माली और 65 किलोग्राम वर्ग में चंचल माली ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं 62 किलोग्राम वर्ग में मनीषा ने रजत तथा 76 किलोग्राम वर्ग में खेतू चौधरी ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ग्रीको रोमन 82 किलोग्राम भार वर्ग में प्रदीप जाट ने स्वर्ण पदक जीतकर भीलवाड़ा का नाम रोशन किया। 79 किलोग्राम वर्ग में जोरावर सिंह, 55 किलोग्राम वर्ग में मनीष माली तथा 77 किलोग्राम वर्ग में प्रिंस माली ने कांस्य पदक अपने नाम किए।प्रतियोगिता के समापन समारोह में राजस्थान कुश्ती संघ के प्रधान राजीव दत्ता एवं सचिव उम्मेद सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक और चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
भीलवाड़ा की इस उल्लेखनीय सफलता पर केसरी नंदन व्यायामशाला के संरक्षक राधेश्याम बहेड़िया, अध्यक्ष सुवालाल जाट, धर्मेंद्र पारीक, अरुण शर्मा, कोषाध्यक्ष महेश पांडे सहित सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।भीलवाड़ा के पहलवानों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जिले की खेल प्रतिभाएं प्रदेश स्तर पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करने का माद्दा रखती हैं।








