भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। जिले के करेड़ा कस्बे में चोरों ने एक अनोखी वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस और व्यापारियों को हैरान कर दिया। बीती मध्यरात्रि बस स्टैंड स्थित ‘मातेश्वरी मोबाइल शॉप’ में चोरी कर बदमाश करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत के 35 से 40 महंगे स्मार्टफोन लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें एक आरोपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा मुखौटा (मास्क) पहने दिखाई दे रहा है।दुकान संचालक लक्ष्मण सेन ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला और महंगे मोबाइल फोन के खाली डिब्बे पड़े थे। जांच में सामने आया कि चोर दुकान की छत पर बनी सीढ़ियों के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
दूसरी मोबाइल दुकान में भी किया प्रयास
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि इसी गिरोह ने उसी रात कस्बे के बीज गोदाम चौराहे स्थित ‘सांवरिया मोबाइल’ दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ताला नहीं टूटने के कारण चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में भी वही मुखौटाधारी आरोपी नजर आया है।
पुलिस जुटी जांच में
चोरी की सूचना मिलते ही करेड़ा थानाधिकारी पूरणमल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने कस्बे में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







