वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

चित्तौड़गढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात, दोस्त ने ही उतारा मौत के घाट

बेगूं में युवक की चाकू मारकर हत्या, साथी गिरफ्तार

चित्तोड़गढ़/घुमन्तु दर्पण|चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेशनल हाईवे-27 स्थित द्वारकाधीश होटल के समीप कोटा निवासी एक युवक की उसके ही साथी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद ढाबा कर्मचारियों और ट्रक चालकों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान कोटा की महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी गौरव चतुर्वेदी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव अपने साथी कमल सिंह राठौड़ के साथ होटल पर रुका था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कमल सिंह ने चाकू निकालकर गौरव पर लगातार कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल गौरव को काटूंदा मोड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बेगूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल व एमओबी टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों की सूझबूझ के कारण आरोपी मौके से फरार नहीं हो सका। ढाबे के कर्मचारियों और वहां मौजूद ट्रक चालकों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह की गहराई से जांच कर रही है।

मृतक के पिता प्रमोद चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ समय पहले ही कमल सिंह को अपने बेटे से दूर रहने की चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि आरोपी पूर्व नियोजित साजिश के तहत गौरव को अपने साथ लेकर गया और रास्ते में उसकी हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार दोनों सांवलियाजी के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन बीच रास्ते में यह दर्दनाक घटना हो गई।पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में गौरव के शरीर पर कमर, पीठ और पेट सहित कई स्थानों पर गहरे चाकू के घाव मिलने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें