बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। जिले के 50 प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट ने ‘सुपर-50’ योजना शुरू करने की घोषणा की है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में बताया कि चयनित विद्यार्थियों को नीट, यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता, संसाधन और विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी पर करीब 3 लाख रुपए खर्च होंगे और इस योजना पर कुल 1.5 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। दिवाली के आसपास 2,000 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार अवसर उपलब्ध कराने हेतु एक बड़े करियर एवं रोजगार मेले के आयोजन की भी घोषणा की गई।कार्यक्रम में मुख्य संयोजक रवि शेखर मेघवाल ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को सही दिशा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन के साथ नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।








