पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)।नगर के प्रताप बाजार स्थित धर्मवीर मैदान के पास एक गली में नाली तोड़ने को लेकर गुरुवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद के दौरान विवेक शर्मा के सिर में चोट लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए रानी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाली तोड़ने के कार्य को लेकर कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ गया। इस दौरान विवेक शर्मा घायल हो गया और उसके सिर से रक्तस्राव होने लगा। मौके पर मौजूद राणाराम जागींड सुथार सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
घायल को तत्काल रानी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। प्रारंभिक जांच के बाद उसे पाली रेफर करने की तैयारी की गई, हालांकि चक्कर आने की शिकायत पर उसे कुछ समय तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। मामले को लेकर कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा। बाद में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों एवं नगर पालिका प्रशासन की समझाइश से दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई।
बताया गया कि नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) के.एम. शर्मा ने अपनी ओर से खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। समझौता करवाने में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) मगराज चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








