पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पंवार)।नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मारवाड़ जंक्शन तालुका क्षेत्र में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।
शिविर में ग्रामीणों को नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, अवैध तस्करी की रोकथाम तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के अधिकार, पोक्सो एक्ट-2012, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, नई चेतना 4.0 अभियान, पर्यावरण संरक्षण, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित कानून, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा विभिन्न नालसा योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
प्रतिभागियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नालसा हेल्पलाइन 15100, निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता, शिक्षा का अधिकार, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 सहित कई महत्वपूर्ण कानूनी विषयों से अवगत कराया गया।
शिविर में बालिकाओं की सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रशासक श्रीमती रेखा मेट, बंसीलाल एवं ममता वैष्णव सहित कुल 122 ग्रामीणों ने भाग लेकर कानूनी जानकारी प्राप्त की।








