पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)|अग्रवाल पंचायत पाली की वार्षिक आमसभा का आयोजन स्थानीय अग्रसेन वाटिका के वृंदावन परिसर में किया गया। सभा में समाज के प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार, सुझाव एवं समस्याएं पंचायत के समक्ष रखीं। पंचायत कार्यकारिणी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान पर चर्चा की।आमसभा में श्री अग्रवाल मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल एवं महिला मंडल की सचिव जोली गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। पंचायत द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।
पंचायत अध्यक्ष सुनील गुप्ता, कमल किशोर गोयल एवं सुनील पोद्दार ने बताया कि समाज में सामाजिक सुधार एवं अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।उन्होंने बताया कि अग्रसेन वाटिका परिसर में स्थित पुरानी इमारतों ‘मधुबन’ एवं ‘उत्सव’ का पूर्ण नवीनीकरण कराया जाएगा। वहीं समाज में आयोजित होने वाले शुभ अवसरों एवं विवाह समारोहों में भोजन के लिए अधिकतम 21 आइटम रखने का निर्णय लिया गया है।
आमसभा में मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा समाज के किसी भी समारोह में लेडीज वेटर अथवा विदेशी महिला वेटर नहीं रखने का नियम लागू किया गया है। ब्यूटी पार्लर, कोरियोग्राफी तथा मेहंदी से संबंधित कार्यों के लिए केवल महिलाओं को ही नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।समारोहों में आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ प्री-वेडिंग शूट एवं बेबी शॉवर शूटिंग पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त बैचलर पार्टी के आयोजन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
आमसभा में शिक्षा, चिकित्सा एवं आर्थिक रूप से कमजोर समाजबंधुओं के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं बनाने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का भी संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में सुरेशचंद्र गुप्ता, मदनमोहन गुप्ता, पंचायत सचिव सूरजप्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीलम बंसल, उपाध्यक्ष सत्येंद्र तायल, कैलाश गुप्ता, अशोक अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, जुगल बंसल, कमल किशोर गोयल सहित श्री अग्रवाल मंडल एवं महिला मंडल की समस्त कार्यकारिणी तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।








