वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बजट घोषणाओं की समीक्षा की, शीघ्र क्रियान्वयन के दिए निर्देश

बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)|जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेते हुए राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, पंचायतीराज, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य विभागों की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

डूंगर कॉलेज में जर्मन और महारानी कॉलेज में स्पेनिश भाषा के कोर्स होंगे शुरू

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान श्री डूंगर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ब्रजरत्न जोशी ने बताया कि बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत श्री डूंगर कॉलेज में जर्मन भाषा तथा महारानी सुदर्शना कॉलेज में स्पेनिश भाषा के अध्ययन केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। जून माह के अंत तक दोनों भाषाओं के चार माह अवधि के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शुल्क एक हजार रुपये तथा गैर-सरकारी विद्यार्थियों के लिए दो हजार रुपये निर्धारित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर 30 से 70 सीटें आवंटित की जाएंगी। प्रो. जोशी ने यह भी बताया कि श्री डूंगर कॉलेज में एमबीए एवं एमसीए पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा एआईसीटीई से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होते ही आगामी माह से इन पाठ्यक्रमों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।

करीब 240 करोड़ रुपये की लागत से जिले की पांचों आईटीआई का होगा उन्नयन

उपनिदेशक, तकनीकी शिक्षा एवं आईटीआई कैलाश शर्मा ने बताया कि केन्द्र सरकार की पीएम सेतु योजना के अंतर्गत बीकानेर संभाग मुख्यालय को शामिल किया गया है। इसके तहत जिले की पांच आईटीआई संस्थाओं का लगभग 240 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि संभाग मुख्यालय स्थित हब आईटीआई पर 80 करोड़ रुपये तथा नोखा, पांचू, छत्तरगढ़ एवं महिला आईटीआई बीकानेर पर 40-40 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस संबंध में प्रस्ताव राज्य स्तर पर प्रक्रियाधीन है।
शर्मा ने बताया कि बजट घोषणा 2026-27 के तहत सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन तथा सीएनसी मशीनिंग टेक्नीशियन ऑपरेटर पाठ्यक्रम आगामी वर्ष से आईटीआई बीकानेर में प्रारंभ किए जाएंगे। इसके लिए भूमि का चयन किया जा चुका है तथा निर्माण एवं पद स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है। वहीं फाइबर टू होम कोर्स में इस वर्ष 20 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।

राजसखी सेंटर के रूप में स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा संभाग स्तरीय मंच

पंचायतीराज विभाग की समीक्षा के दौरान राजीविका की कार्यकारी जिला परियोजना प्रबंधक ऋतुराज महला ने बताया कि बजट घोषणा के अनुरूप श्रीगंगानगर सर्किल के निकट पुराने डीआरडीओ भवन में संभाग स्तरीय राजसखी सेंटर स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस सेंटर के माध्यम से संभाग भर की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और प्रचार-प्रसार के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध होगा, जिससे महिला उद्यमिता को नई पहचान मिलेगी।

रूरल वूमन बीपीओ से महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और विपणन का अवसर

महला ने बताया कि बजट घोषणा के तहत स्थापित किए जाने वाले रूरल वूमन बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग) केंद्र के लिए जिला कलेक्टर ने बीकानेर विकास प्राधिकरण को पंचशती सर्किल के पास भूमि आवंटन के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण, उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा ऑनलाइन बिक्री की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक कार्यालय का संचालन भी इसी परिसर से किया जाएगा।

विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा

बैठक में जिला कलेक्टर ने रोडवेज, खेल, पुलिस, सीएडी, डेयरी, पर्यटन, रीको सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव ऋषि सुधांश पांडे, कोषाधिकारी धीरज जोशी, राजीविका के जिला प्रबंधक मणिशंकर हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें