पीसांगन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशे की लत के लिए परिवार के मुखिया ने ही घर में की चोरी
लोहागल/घुमन्तु दर्पण( रेखा कुमावत)|अजमेर जिले के पीसांगन थाना पुलिस ने चोरी के एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए परिवार के मुखिया को ही गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चोरी गया पूरा माल बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
क्या था मामला
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को ताराचंद रेगर निवासी मेवाड़िया, हाल निवासी नयागांव रोड, मेवाड़िया चौराहा, पीसांगन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसकर स्टील के डिब्बे में रखे करीब 60 हजार रुपये मूल्य की चांदी की पायजेब, 90 हजार रुपये मूल्य की दो सोने की अंगूठियां, 15 हजार रुपये मूल्य की आठ बिछिया, 6 हजार रुपये मूल्य की नाक की बाली, 18 हजार रुपये नकद तथा चांदी के सिक्के चोरी कर ले गया।इस संबंध में पीसांगन थाने में प्रकरण संख्या 120/2026 धारा 331(3) एवं 305(ए) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. लालचंद कायल एवं वृत्ताधिकारी ग्रामीण के सुपरविजन में थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।टीम में एएसआई फूलसिंह गुर्जर, आत्माराम शेषमा तथा कांस्टेबल सुखराम सेवदा, भोमाराम चोयल, गोपालराम खटखड़ और दिनेश चौधरी शामिल थे।
पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान परिवार के मुखिया की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने 65 वर्षीय रामसुख पुत्र भोजूजी निवासी रेगरों का मोहल्ला, मेवाड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में रामसुख ने नशे की लत के चलते अपने ही घर से चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया।
बरामद माल
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चांदी की पायजेब, कड़ा, पातड़ी, पांच जोड़ी बिछिया, दो चांदी के सिक्के, सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, नाक का कांटा तथा दो लॉकेट बरामद किए हैं।








