भीलवाड़ा को मिली ई-बसों की सौगात, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया शुभारंभ
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा शहर को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर भीलवाड़ा में ई-बस सेवा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना शहरी परिवहन को आधुनिक बनाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पहले चरण में भीलवाड़ा में 18 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें शहर को आवंटित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि ई-बसों के संचालन से डीजल और पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। बसों में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे, एयर कंडीशनिंग, आपातकालीन निकास द्वार और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं।
नगर निगम परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने वीडियो संदेश में बताया कि भीलवाड़ा को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं, जिनका संचालन शहर के साथ लगभग 35 किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा। इससे करीब 65 गांवों के लोगों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
योजना के तहत मोहनलाल सुखाड़िया नगर में करीब 9.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस डिपो का निर्माण किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना भीलवाड़ा को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी|






