आसींद/घुमन्तु दर्पण(परमवीर सिंह कटार)|राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका), भीलवाड़ा के आसींद ब्लॉक अंतर्गत लक्ष्मी माता राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति लिमिटेड, दौलतगढ़ क्लस्टर द्वारा अमृत जल अभियान के तहत सार्वजनिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर ग्राम पंचायत लाछुड़ा में विशेष अभियान आयोजित किया गया।अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने ग्राम पंचायत के सार्वजनिक तालाब एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया। महिलाओं ने श्रमदान करते हुए जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा वर्षा जल के संरक्षण के महत्व के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ताराचंद मेवाड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए ग्रामीणों से सार्वजनिक जल स्रोतों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक परियोजना प्रबंधक अरविंद मेघवंशी, क्लस्टर प्रबंधक देव कंवर, क्लस्टर संचालक, क्लस्टर लेखपाल मंजू देवी, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर गीता अमेटा, सपना कंवर, मधु वैष्णव, क्लस्टर की कार्यकारी सदस्य सीता देवी लोहार, संपत्ति देवी, हंसराज (LRP) तथा इरफान पठान (FPO) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।अभियान में लाछुड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं सरस्वती ग्राम संगठन की पदाधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से तालाब की सफाई कर जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने “जल ही जीवन है” का संदेश देते हुए समाज को जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत उपयोग के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। सामुदायिक सहभागिता से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।






