पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)| पुलिस अधीक्षक पाली मोनिका सेन IPS के निर्देशन में दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आज पुलिस लाइन पाली में ड्यूटी में नियोजित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पाली श्री निशांत भारद्वाज के सुपरविजन में सम्पन्न हुई। इस दौरान परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा केन्द्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भारद्वाज ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ब्रीफिंग के दौरान निम्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया—
• परीक्षा केन्द्रों पर समय से पूर्व पहुंचकर ड्यूटी ग्रहण करना।
• परीक्षा केन्द्र के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना।
• किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नकल अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देना।
• परीक्षा केन्द्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखना।
• अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना।
• परीक्षा केन्द्रों के आसपास भीड़ एकत्र नहीं होने देना तथा अनावश्यक जमावड़े को हटाना।
• सोशल मीडिया पर परीक्षा संबंधी भ्रामक अथवा अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर सतत निगरानी रखना।
• किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नियंत्रण कक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करना।
• परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक सावधानियां बरतना।
पाली पुलिस द्वारा नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन हेतु पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है तथा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।








