रायला/घुमन्तु दर्पण(लक्की शर्मा)। रायला कुंडिया विजयपुरा रोड पर बाइक सवार को कार से टक्कर मारकर 50 हजार रुपए लूटने की सनसनीखेज वारदात का रायला पुलिस ने चंद घंटों में ही पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर नकदी व कार जब्त कर ली।
घटना 17 जून की शाम की है। विजयपुरा निवासी मुस्ताक अली सोलर कनेक्शन का काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। कुंडिया कला के पास पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही तीन बदमाश नीचे उतरे और मारपीट कर बैग छीन लिया। बैग में 50 हजार रुपए व जरूरी दस्तावेज थे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही रायला थानाधिकारी मूलचंद वर्मा तुरंत एक्शन मोड में आ गए। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई और अलग-अलग टीमें बनाकर दबिश दी गई। तकनीकी इनपुट और स्थानीय मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने महज चंद घंटे में ही तीनों आरोपियों को ट्रेस कर दबोच लिया।एसपी सागर राणा के निर्देश पर एएसपी राजेश आर्य व सीओ सतीश मीणा के सुपरविजन में चली इस कार्रवाई को लेकर इलाके में पुलिस की तेजी की चर्चा रही।
ऐसे रची साजिश
आरोपियों ने दिन में ही मुस्ताक अली की रेकी कर ली थी। सुनसान जगह पर मौका देखकर कार से टक्कर मारकर गिराया और मारपीट कर बैग छीन लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
1 सुनील पुत्र विजय गोड (24), निवासी पटेल नगर सेक्टर-11, भीलवाड़ा
2 चांदमल जाट पुत्र बंशी लाल (20), निवासी भागा का खेड़ा, थाना मंगरोप
3 राहुल भांभी पुत्र महावीर (23), निवासी नांदसी, अजमेर (हाल निवासी आजाद नगर, भीलवाड़ा)
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं, साथ ही वारदात में प्रयुक्त कार (RJ 27 C 9153) को भी जब्त किया है।पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।






